आमिर-शहनवाज संग सुमित पचौरी व निधि शर्मा चलाते थे फर्जी कॉल सेंटर, करते थे ऑनलाइन ठगी
अलीगढ़ पुलिस ने शहर में चल रहे रीबॉक कंपनी (Reebok Company) का अन्तर्राज्यीय फर्जी कॉल सेन्टर का भंडाफोड़ किया है। इस कॉल सेन्टर से कम्पनी के सामान पर ऑफर देने के नाम पर ग्राहकों से ऑनलाइन धोखाधड़ी की जाती थी। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले अन्तर्राज्यीय फर्जी काल सेन्टर संचालकों और अन्य सहयोगियों सहित 11 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया है।
![]() |
| फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले आरोपी (फोटो साभार: नवभारत टाइम्स) |
अलीगढ़ जिले के थाना सासनी गेट इलाके के मोहल्ला महेन्द्र नगर में रीबॉक कंपनी का ऑनलाइन सामान बेचने के बहाने लोगों से धोखाधड़ी और ठगी की जाती थी। इसका संचालन अरमान उर्फ आमिर व शहनबाज अन्सारी निवासी नाई का नंगला थाना सासनी जिला हाथरस के द्वारा किया जा रहा था। वहीं, इसमें सुमित पचौरी, सोनिया, गरिमा, यशिका, अस्मिता, निधि शर्मा, हेमलता और निशा कुमारी इनके साथ फर्जी रिबॉक कम्पनी का कॉल सेन्टर बनाकर कॉल के जरिये रिबॉक का ऑफर देते थे।
ऑफर में वे ग्राहक को 6,500/ रुपये में कम्पनी की टी-शर्ट, वॉलेट, घड़ी और जूते के साथ रेडमी कम्पनी का फोन फ्री में देने का लालच देते थे। ऑर्डर मिलने के बाद वे रुपये अपनी कम्पनी के खाते में डलवा लेते थे और सामान की जगह कागज भरकर ग्राहक के पते पर भेज देते थे। इस तरह से देश के कई राज्यों बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र, बंगाल, पंजाब आदि के लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही थी।
दरअसल, अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा धोखाधड़ी/जालसाजी/ठगी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध ऑपरेशन 420 अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। इसी के तहत 18 जुलाई रविवार को सासनी गेट पुलिस टीम ने फर्जी कॉल सेन्टर पर दबिश देकर मौके से 11 युवक-युवतियों को गिरफ्तार कर लिया।