उत्तर प्रदेश के रहने वाले विवादस्पद शायर मुनव्वर राना ने कहा है कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी मुसलमानों का वोट बांटने के लिए यूपी आए हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में भाजपा जीती और योगी आदित्यनाथ दोबारा सीएम बने तो वे यूपी छोड़कर वापस कोलकाता चले जाएंगे।  

ओवैसी पर निशाना साधते हुए मुनव्वर ने कहा कि ओवैसी यूपी आकर यहां के मुसलमानों को बरगला रहे हैं। ओवैसी मुसलमानों के वोट को बांटकर भाजपा की मदद कर रहे हैं। 

विवादित शायर मुनव्वर राना (फोटो साभार: सुदर्शन न्यूज)

यूपी की राजधानी लखनऊ में एटीएस द्वारा आतंकियों की गिरफ्तारी को लेकर मुनव्वर राना ने कहा था कि चुनाव जीतने के लिए योगी सरकार ये सब कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का एक ही काम है, किसी तरह से मुसलमानों को परेशान करो। चाहे वो धर्मांतरण कानून व जनसंख्या नियंत्रण कानून का मामला हो या फिर आतंकवाद के नाम पर गिरफ्तारी।

इससे पहले एक और दो जुलाई का रात को मशहूर शायर मुन्नवर राना के लखनऊ के लालकुआं स्थित फ्लैट पर रायबरेली पुलिस ने उनके बेटे तबरेज राना की तलाश में छापा मारा था। कार्रवाई को लेकर मुन्नवर राना व उनकी बेटियों ने पुलिस पर अभद्रता के आरोप लगाए थे। 

मुन्नवर राना का आरोप था कि रात में अचानक पुलिस एफआई टावर के ढींगरा अपार्टमेंट के प्रथम तल स्थित उनके फ्लैट पर पहुंची और दरवाजा पीटने लगी। इससे परिवार के लोग दहशत में आ गए। दरवाजा खोला तो आठ-दस पुलिसकर्मी धड़धड़ाते हुए घुसे और हर कमरे में तबरेज को ढूंढने लगे। 

मुन्नवर राना के परिवार की महिलाओं और बच्चियों ने देर रात पुलिस के ऐसे फ्लैट में घुसने का विरोध किया। आरोप है कि जब वीडियो बनाना शुरू किया तो एक पुलिसकर्मी ने मोबाइल छीन लिया था।

दरअसल, मुनव्वर के बेटे तबरेज राना ने कहा था कि उस पर हमला हुआ है। 28 जून को मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना ने रायबरेली में सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि वह अपनी कार से त्रिपुला चौराहे के पास स्थित पेट्रोल पंप से डीजल लेकर निकल रहे थे तभी एक बाइक पर सवार दो युवकों ने कार पर फायरिंग कर दी। 

तबरेज का कहना था कि वह अपनी लाइसेंसी गन लेकर नीचे उतरे तो नकाबपोश बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर मामले की जांच शुरू की। कोतवाल का दावा था कि तबरेज पर हमले का पूरा मामला फर्जी है। खुद तबरेज ने अपने चाचा और चचेरे भाइयों को फसाने के लिए मुकदमा दर्ज कराया था।