खंभे से बांध पीटा, फिर मूँछ आधी काटी, कालिख पोत गाँव में घुमाया: बहराईच में दलित को तालिबानी सजा
उत्तर प्रदेश के बहराइच (Bahraich, Uttar Pradesh) में एक दलित युवक को तालिबान की तर्ज पर सजा देने का मामला सामने आया है। इस हैवानियत वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहा है।
![]() |
| दलित युवक के साथ हैवानियत (साभार: जनज्वार) |
चोरी के आरोप में एक दलित युवक को पहले बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पीटा गया। उसके बाद उसके मुँह पर कालिख पोतकर पूरे गांव में घुमाया गया। इतने से भी आरोपियों का मन नहीं भरा तो युवक की आधी मूँछ भी काट दी।
मामला जनपद बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के बरकटन पुरवा का है। यहां एक दलित युवक को कुछ लोगों ने स्कूल की शौचालय सीट की चोरी के आरोप में पकड़ लिया और खुद ही मुख्तार बनकर उसे सजा देने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को बचाने या उसे पुलिस के हवाले करने के बजाय उसका वीडियो बनाते रहे।
घटना के सामने आने के बाद बहराईच पुलिस (Bahraich Police) ने पीड़ित की तहरीर पर राजी चौराहा निवासी राधेश्याम मिश्रा, रेनू बाजपेई और राकेश तिवारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दो आरोपियों को जेल भेजा है।
अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि इस घटना में तीन लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आरोपियों का कहना है कि युवक नशेड़ी है और वह चोरी करने आया था। वो नशेबाज है।