हैदराबाद के गोशामहल से विधायक और भाजपा से निलंबित नेता ठाकुर राजा सिंह (Thakur Raja Singh) को तेलंगाना पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने विधायक को PD Act (Preventive Detection Act) के तहत गिरफ्तार किया है। वहीं, ‘सर तन से जुदा’ का नारा लगाकर धमकी देने वाले सैयद अब्दुहु काशिफ को एक घंटे में जमानत दे गई।

 
जमानत पाने वाला कशफ और गिरफ्तार राजा सिंह


दो दिन पहले इस्लाम के पैगंबर मुहम्मद को लेकर दिए गए कथित बयान को लेकर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। हालाँकि, अगले दिन उन्हें जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद हैदराबाद में मुस्लिमों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। मुस्लिमों ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया था।

गिरफ्तारी से पहले राजा सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उन्हें पुलिस आज-कल में गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने कहा कि भले ही उन्हें गोली मार दी जाए, फाँसी दे दी जाए या जेल में डाल दिया जाए, वे डरते नहीं हैं। वे हिंदू धर्म को गाली देने वालों से लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह धर्मयुद्ध है, हिंदू अब पीछे नहीं हटेगा।

ठाकुर राजा सिंह ने गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “मुझे सूचना मिली है कि मेरे पुराने केसों को जोड़कर मुझे परेशान कर सकती है पुलिस। कल मुख्यमंत्री कार्यालय में एक मीटिंग हुई और मुख्यमंत्री जी को भी अब Ego आ गया कि किसी भी हालत में राजा सिंह को जेल में डाला जाए या तड़ीपार किया जाए।”

राजा सिंह ने लिखा, “अगर कोई मेरे धर्म को बुरा कहेगा तो मैं उसे उसी की भाषा मे जवाब दूंगा, चाहे इसकी सजा जो भी हो। अब हिन्दू पीछे हटने वाला नहीं। आशा करता हुं कि इस धर्म युद्ध मे हर हिन्दू हमेशा की तरह मेरा साथ देगा। जय श्री राम।”

विधायक की गिरफ्तारी पर तेलंगाना पुलिस ने कहा, “राजा सिंह को पीडी एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ दर्ज 101 आपराधिक मामलों में से वह 18 सांप्रदायिक अपराधों में शामिल हैं। उन्हें सेंट्रल जेल, चेरियापल्ली में बंद किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार (22 अगस्त 2022) को ठाकुर राजा सिंह ने मुनव्वर फारूकी के विरुद्ध एक वीडियो बनाया था। इसमें उन्होंने इस्लाम पर बात करते हुए एक बुजुर्ग पर बात की थी, जिस पर मुस्लिमों ने कहा कि वो पैगंबर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी है। इसके बाद शहर भर में प्रदर्शन हुए। मंगलवार सुबह पुलिस ने विधायक राजा सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।

उधर उसी दिन दोपहर में बीजेपी ने उन्हें पार्टी से सस्पेंड किया। राजा सिंह को जब कोर्ट में पेश किया गया तो कोर्ट ने उन्हें 14 दिन न्यायिक हिरासत में भेजा। हालाँकि, अगले दिन उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी।

 

जमानत मिलने के बाद मुस्लिमों ने बड़े पैमाने पर विरोध किया था। इस दौरान हिंसक झड़प भी हुई थी। इसके साथ ही ‘सर तन से जुदा’ के नारे भी लगाए गए। आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोप में तेलंगाना पुलिस ने कथित सामाजिक कार्यकर्ता को सैयद अब्दुहु कशफ को गुरुवार को गिरफ्तार किया था, लेकिन एक घंटे बाद ही उसे जमानत दे दी गई।