अफगानिस्तान: सोने की खदान धंसने से 30 की मौत, 15 लोगों की हालत गंभीर
काबुल, उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत के कोहिस्तान जिले में सोने की एक खदान धंसने से कम-से-कम 30 लोगों की मौत हो गई है और 15 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा रविवार सुबह 11 बजे हुआ। कोहिस्तान जिले के गवर्नर मोहम्मद रुस्तम राघी ने बताया कि जिले में हुई इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। वहीं, प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता निक मोहम्मद नजारी ने कहा, ”हमने क्षेत्र में एक राहत टीम भेजी है लेकिन ग्रामीणों ने मौके से शवों को निकालना शुरू कर दिया है।”
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने सोने की तलाश के लिए नदी तल में 60 मीटर गहरे गड्ढे की खुदाई की थी। खुदाई के दौरान ही खदान धंस गई और ये लोग भीतर दब गए। हालांकि, अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि यह गड्ढे की दीवार क्यों ढही। नजारी ने बताया कि खदान में काम करने वाले पेशेवर नहीं थे और ग्रामीण इस कार्य में दशकों से लगे हुए हैं लेकिन सरकार का उन पर कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा है कि इस हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत बेहद गंभीर है।
वहीं, अफगानिस्तान के प्रेसीडेंशियल पैलेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस घटना से राष्ट्रपति अशरफ गनी दुखी हैं। उन्होंने अधिकारियों को खदान में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाएं।
बदख्शां अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाके में हैं और यहां से ताजिकिस्तान, चीन और पाकिस्तान की सीमाएं लगती हैं। यहां खदान धंसने की घटनाएं आम बात हैं। सर्दियों के मौसम में भूस्खलन और खदान धंसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।