इंटरनेशनल, अफगानिस्तान में सेना ने आतंकियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 24 घंटों में 109 आतंकवादियों को मार गिराया है, जबकि कार्रवाई में 45 अन्य घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, सेना ने अफगानिस्तान के 15 अलग-अलग प्रांतों में 18 ऑपरेशन को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशनों में, लगभग पांच आतंकवादी भी गिरफ्तार किए गए हैं। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि मारे गए आतंकी एक ही आतंकी समूह से थे या फिर किसी अलग-अलग आतंकी समूह से।

वहीं, मंगलवार को बल्ख प्रांत में तालिबान द्वारा सेना की एक जांच चौकी पर मंगलवार तड़के किए गए हमले में कम से कम 15 अफगान सैनिकों की मौत हो गई। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि बल्ख प्रांत के दौलताबाद जिले में ‘शत्रु’ के हमले में सुरक्षा बलों के छह अन्य सदस्य भी घायल हो गए। इनमें तीन सैनिक और तीन खुफिया एजेंट शामिल हैं।

इससे पहले 24 नवंबर को अफगानिस्तान के उत्तरी प्रांत जोवजन में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच हुए सशस्त्र संघर्ष में अफगान सुरक्षा बलों के दो सदस्य मारे गए। वहीं, इस कार्रवाई में 24 तालिबानी आतंकियों को भी मार गिराया गया था। 

बता दें कि तालिबान पिछले कई समय से यहां सक्रिय है। इससे पहले सोमवार को उत्तरी कुंदुज प्रांत में लड़ाई में एक अमेरिकी सैनिक की मौत हो गई थी। उसके बाद, अमेरिकी फौजियों पर हमले के मद्देनजर अफगान फौजों ने आतंवादियों के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।