फिलीपींस में तेज भूकंप, रिक्टर स्केल पर मापी गई 7.0 तीव्रता
मनीला, फिलीपींस तेज भूकंप से दहल उठा है। गुरुवार को दोपहर 12:23 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.0 मापी गई है। भूकंप का केंद्र फिलीपींस से 210 किलोमीटर दूर पोंगडूइटान में बताया जा रहा है। इस भूकंप के बाद देश में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने-अपने घरों से निकलकर बाहर भागने लगे। स्थानीय समाचार आउटलेट इंक्वायरर के अनुसार, एक प्रमुख फिलीपीन वाणिज्यिक केंद्र दावो के निवासियों ने भी झटके महसूस किए। वहीं, घटना में अब तक किसी के हताहत और नुकसान की सूचना नहीं है।
यूरोपीय भूमध्य भूकंपीय केंद्र (EMSC) ने कहा कि भूकंप 122 किलोमीटर की गहराई में समुद्र में आया था। इसने शुरुआत में 7.2 की तीव्रता बताई थी। यह क्षेत्र भूकंप प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। यहां सुनामी आने का भी खतरा रहता है।

वहीं, पिछले दिनों इंडोनेशिया के पश्चिम सुलावेसी प्रांत में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 91 हो गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 14 जनवरी को प्राकृतिक आपदा के कारण कम-से-कम 1,172 लोग घायल हुए।
एजेंसी के प्रवक्ता रेडिटी जाति ने कहा कि भूकंप के कारण 9,910 लोग अपने घरों को छोड़ने के लिए मजबूर हुए। पश्चिम सुलावेसी में 15 जनवरी से 14 दिनों के लिए आपातकालीन स्थिति घोषित की गई है।