पाकिस्तान की सीमा चौकी पर तालिबान का कब्जा, मिले 300 करोड़ रुपये
तालिबान ने पाकिस्तान से सटे अफगानिस्तान के एक चौकी पर कब्जा कर लिया, जहाँ उसे 300 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मिले हैं। बताया जा रहा है कि ये रुपये अफगानिस्तान सेना के हैं और उसने तस्करों से रिश्वत के रुप में लेकर पैसे यहाँ जमा किये थे। तालिबान के हमले के बाद अफगान सैनिक भाग खड़े हुए और उनके रुपये यहीं छूट गए, जो तालिबान को मिल गए।
मामला कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डाक इलाके में बनी सीमा चौकी का है। बुधवार को तालिबान ने स्पिन बोल्डाक में बनी सीमा चौकी पर कब्जा कर लिया। पैसे की मिलने की पुष्टि तालिबान ने एक बयान जारी करके किया है। पाकिस्तानी टीवी चैनल जिओ न्यूज ने यह जानकारी दी है।
| रुपये इकट्ठा करता तालिबानी आतंकी (फोटो साभार: नवभारत टाइम्स) |
अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बाद से तालिबान आतंकी लगातार भीषण हमले कर रहे हैं। तालिबान प्रवक्ता सुहैल शाहीन का दावा है कि देश के 85 फीसदी इलाके पर अब तालिबान का शासन हो गया है। तालिबान की कोशिश है कि दूसरे देशों से लगी सारी सीमा चौकियों पर कब्जा कर लिया जाए ताकि सीमा व्यापार से होने वाली कमाई पर कब्जा किया जा सके।