लोकसभा चुनाव: राजनाथ सिंह तैयार करेंगे संकल्प-पत्र, जेटली के हाथों प्रचार की कमान
नई दिल्ली, लोकसभा चुनाव 2019 को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने विभिन्न समितियों का गठन किया है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में संकल्प पत्र समिति का गठन किया गया है। इस समिति में राजनाथ सिंह के अलावा भाजपा के 19 पदाधिकारी सदस्य हैं। इसमें वित्त मंत्री अरुण जेटली, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, राम माधव, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी, शिवराज सिंह चौहान, मीनाक्षी लेखी जैसे वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को प्रचार प्रसार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस समिति में जेटली के अलावा भाजपा के 7 पदाधिकारी सदस्य हैं। इस समिति में अरुण जेटली के अलावा पीयूष गोयल, राज्यवर्धन सिंह राठौर, महेश शर्मा, सतीश उपाध्याय, राजीव चंद्रशेखर और अनिल जैन शामिल हैं।
वहीं, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को सामाजिक स्वयंसेवी संगठन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस समिति में गडकरी के अलावा भाजपा के 12 पदाधिकारी सदस्य हैं।
सुषमा स्वराज चुनाव के लिए साहित्य तैयार करने वाले समूह की प्रमुख होंगी। रविशंकर प्रसाद मीडिया समूह का नेतृत्व करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर बुद्धिजीवियों के साथ बैठकों का आयोजन कराने वाली शाखा के प्रमुख होंगे।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए कई राज्यों के चुनाव के प्रभारी और उप-प्रभारी की नियुक्ति की थी, जिसमें दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, अंडमान निकोबार, त्रिपुरा शामिल हैं।
भाजपा ने जयप्रकाश नड्डा को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है, जबकि निर्मला सीतारमण को दिल्ली का और जयभान सिंह पवैया को हरियाणा का, कलराज मिश्र को त्रिपुरा का और विश्वास सारंग को जम्मू-कश्मीर का प्रभारी नियुक्त किया है। अविनाश राय खन्ना को कर्नाटक का और मुरलीधर राव को तमिलनाडु काप्रभारी नियुक्त किया है।