मानवता के लिए विनाशकारी होगा साल 2020, नास्त्रेदमस कर चुके हैं भविष्यवाणी
फ्रांसीसी भविष्यवेत्ता माइकल दि नास्त्रेदमस ने आने वाले कई सालों के लिए सदियों पहले ही भविष्यवाणियां कर दी थीं. उनकी की गईं अब तक की भविष्यवाणियां सच साबित हो चुकी हैं. नास्त्रेदमस ने 2020 के लिए जो भविष्यवाणियां की हैं, उनमें मानवता के लिए अच्छी खबर नहीं है. कई दूसरे भविष्यवेत्ताओं ने भी 2020 में विनाश के ही संकेत दिए हैं. नास्त्रेदमस की भविष्यवाणी में 2020 में दुनिया खत्म होने के संकेत भी छिपे हैं.
नास्त्रेदमस ने माना है कि 2020 में एक नए युग की शुरुआत होगी. उन्होंने अनुमान लगाया कि 2020 में कई देशों के आपस में टकराव बढ़ेंगे और सदी का सबसे बड़ा आर्थिक संकट आएगा. आंकड़ों की मानें भारत से लेकर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था खस्ता हालत में है. चीन और अमेरिका की आपस में व्यापार युद्ध की शुरुआत हो चुकी है. भारत की आर्थिक वृद्धि दर में भारी गिरावट दर्ज हुई है.
भविष्यवाणी में कहा गया है कि 2020 तक लोग पहले से बहुत ज्यादा जागरुक हो चुके होंगे और लोगों में एक नए तरह का आध्यात्मिक झुकाव देखने को मिलेगा. भविष्यवाणी के मुताबिक, तीसरे विश्व युद्ध की आशंका सच साबित हो सकती है. दरअसल, अमेरिका अगले साल एशिया में सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास शुरू करेगा, जिसे लोग नास्त्रेदमस की भविष्यवाणी से जोड़ रहे हैं.
भविष्यवाणी की मानें तो 2020 में दुनिया के बड़े शहरों में गृह युद्ध जैसे हालात हो जाएंगे और लोग खुलकर सड़कों पर उतरेंगे. हालांकि नए साल की शुरुआत से पहले ही भारत में नागरिकता कानून और NRC जैसे मुद्दों पर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. वहीं, मध्य-पूर्व के अधिकतर देशों समेत फ्रांस में भी हिंसक प्रदर्शन जारी हैं. कहीं न कहीं इसे भी नास्त्रेदमस की भविष्यवाणी से जोड़कर देखा जा सकता है.
नास्त्रेदमस ने 2020 को एक बहुत ही हिंसक साल बताया है. उनकी भविष्यवाणी के अनुसार इस साल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या की कोशिश भी हो सकती है जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति, डोनाल्ड ट्रम्प को बड़ा नुकसान हो सकता है. वहीं, ग्रेट ब्रिटेन की महारानी की मृत्यु पिछले 70 वर्षों में यहां की सबसे अधिक विनाशकारी घटनाओं में से एक होगी. महारानी की मौत पर, कम से कम 12 दिनों के लिए, ग्रेट ब्रिटेन शोक मनाएगा और इस दौरान यहां किसी भी तरह के कार्यक्रम नहीं होंगे.
नास्त्रेदमस के मुताबिक, इस साल जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया को प्रभावित करेगा और प्रदूषण के खिलाफ युद्ध स्तर पर मुहिम शुरु करेंगे. दुनिया के कुछ हिस्सों में इस साल भयकंर तूफान और भूकंप आएगा तो कहीं बाढ़ और आतंकवाद से तबाही का मंजर फैल जाएगा. नास्त्रेदमस की भविष्यवाणी के मुताबिक, मध्यपूर्व देशों और दुनिया के कुछ अन्य हिस्सों में भी धार्मिक अतिवाद बढ़ेगा जिससे अशांति और गृहयुद्ध के तौर पर होगी. कई लोगों को अपना देश छोड़कर दूसरे देशों में शरण लेने को मजबूर होना पड़ेगा.
नास्त्रेदमस की डराने वाली भविष्यवाणियों के बीच एक राहत भरा संकेत भी है. नास्त्रेदमस के मुताबिक, 2020 में चिकित्सा क्षेत्र में अच्छी प्रगति होगी जिससे लोगों की औसत आयु बढ़ जाएगी.
नास्त्रेदमस ने आज से कई साल पहले मोदी युग की भविष्यवाणी कर दी थी. डायना की मौत, एडोल्फ हिटलर के उदय, परमाणु बम, द्वितीय विश्व युद्ध, और 9/11के बारे में नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियां बिल्कुल सटीक साबित हुई हैं. दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के बारे में नास्त्रेदमस ने जो कुछ भी सांकेतिक रूप में कहा था, वो डोनाल्ड ट्रंप के रूप में बिल्कुल सटीक साबित हुआ है.
जापान में हिरोशिमा और नागासाकी में हुए परमाणु हमलों को लेकर की गई नास्त्रेदमस की भविष्यवाणी सच साबित हुई थी. नास्त्रेदमस ने कहा था कि दो ऐसे धमाके होंगे जिसका असर काफी लंबे समय तक रहेगा. नास्त्रेदमस ने अपनी भविष्यवाणी में कहा था कि दो पत्थर आपस में टकराएंगे जिससे युद्ध की स्थिति पैदा होगी. इससे आसमान आतंक का इलाका बनेगा. नास्त्रेदमस की इस भविष्यवाणी को 2001 में हुए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले से जोड़ा गया था.
कुछ रिसर्चरों के मुताबिक, नास्त्रेदमस ने अपनी मौत के बारे में भी बिल्कुल सटीक भविष्यवाणी कर दी थी. उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा था, मैं बेंच और बिस्तर के नजदीक मृत पाया जाऊंगा. उन्होंने अपनी मौत से ठीक एक रात पहले यह भी बता दिया था कि वह अगली रात जिंदा नहीं होंगे. नास्त्रेदमस अगली सुबह अपने बेडरूम में अपनी टेबल पर मृत पाए गए थे. इस तरह उनकी अपनी ही मौत के बारे में की गई भविष्यवाणी सच साबित हुई थी.