पाक के ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर भीड़ का पथराव, ग्रंथी की बेटी का किया गया जबरन निकाह
by नीति मीमांसाThursday, January 2, 2020
Share
ननकाना साहिब। पाकिस्तान के स्थित ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर शुक्रवार को सैंकड़ों की भीड़ ने पत्थरबाजी की है जिस वजह से ननकाना साहिब में पहली बार भजन कीर्तन को रोकना पड़ा है। शुक्रवार को जुम्मे की नवाज के बाद भीड़ ने गुरुद्वारे को घेर लिया और वहां से कट्टरपंथियों ने सिखों को भगाकर शहर का नाम गुलाम अली मुस्तफा नगर रखने की धमकी दी। मिली जानकारी के मुताबिक उग्र भीड़ ने गुरुद्वारे को तोड़ने की भी धमकी दी है।
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुद्वारे को घेरकर पत्थरबाजी करने वाली भीड़ का नेतृत्व मोहम्मद हसन नाम के व्यक्ति का परिवार कर रहा है। मोहम्मद हसन वही व्यक्ति है जिसने गुरुद्वारे के ग्रंथी की बेटी जगजीत कौर को बंदूक की नोंक पर अपहरण करके उसका धर्मांतरण किया था और उससे जबरन निकाह कर लिया था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें प्रदर्शनकारी कह रहे हैं कि ननकाना साहिब में कोई सिख नहीं बचेगा।
आपको बता दें कि ननकाना साहिब पाकिस्तान के पंजाब प्रान्त में स्थित एक शहर है। इसका नाम सिखों के पहले गुरू, गुरू नानक देव जी के नाम पर पड़ा है। गुरु नानक जी का जन्म स्थान होने के कारण यह स्थान सिख मत के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है। जहां एक भव्य एवं दिव्य गुरुद्वारा है। सिखों पहले गुरू को दुनियाभर से हजारों हिन्दू, सिख गुरु पर्व से कुछ दिन पहले ननकाना साहिब पहुंचते हैं और दस दिन यहां रहकर विभिन्न समारोहों में भाग लेते हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इमरान खान हस्तक्षेप कर श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में मदद करें। वहीं, अकाली दल ने ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर भीड़ के हमले की निंदा की है। दिल्ली के विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने ट्विटर पर हमले का विडियो शेयर करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से तत्काल ऐक्शन लेने की मांग की है। सिरसा ने एक अन्य ट्वीट में कहा है कि गुरुद्वारे पर हमले के बाद पूरे पाकिस्तान में सिख समुदाय के बीच दहशत का माहौल है और कई पाकिस्तानी सिख उन्हें फोन कर अपना डर जता रहे हैं।