जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में बंधक परिवार को छुड़ाने में कर्नल-मेजर शहीद, 2 आतंकी भी मारे गए
नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा (Handwara) में शनिवार को आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक कर्नल और एक मेजर सहित 5 जवान शहीद हो गए हैं. चांजमुल्ला इलाके में देर रात तक चली मुठभेड़ में एक कर्नल, एक मेजर, दो सेना के जवान और पुलिस सब इंस्पेक्टर शहीद हो गए. शहीद होने वालों में कर्नल आशुतोष, मेजर अनुज, पुलिस सब इंस्पेक्टर शकील काजी, एक लांस नायक और एक राइफलमैन शामिल हैं. कर्नल आशुतोष शर्मा ने आतंकियों के खिलाफ कई ऑपरेशन को सफलता से खत्म किया है, लेकिन इस एनकाउंटर में उनकी जान चली गई.
दरअसल, आतंकियों ने चांजमुल्ला इलाके में एक परिवार को बंधक बना लिया था. परिवार को मुक्त कराने के लिए ये जवान ऑपरेशन को अंजाम दे रहे थे. मुठभेड़ दो आतंकियों को जवानों ने मार गिराया, लेकिन अपने 5 जवानों को भी खो दिया. पांचों जवानों ने जिस तरह से अपनी जान की परवाह किए बगैर आतंकियों के कब्जे से परिवार को छुड़ाया और खुद शहीद हो गए, उसे देखकर हर कोई उनके साहस और पराक्रम को सलाम कर रहा है.
देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने भी ट्वीट कर शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा है कि इन सैनिकों ने देश के लिए बड़ा बलिदान दिया है जिसे भुलाया नहीं जा सकता. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “मैं आतंकी मुठभेड़ में मारे गए सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. मैं दिल से उस परिवार के साथ अपनी संवेदना प्रकट करता हूं जिन्होंने आज अपने प्रियजनों को खो दिया. भारत इन बहादुर शहीदों के परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है.”
उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में हमारे सैनिको की मौत से जो क्षति हुई है, उससे वह बेहद दुखी हैं. उन्होंने देश के लिए अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बड़ा बलिदान दिया है. हम उनके इस साहस और बलिदान का कभी भूल नहीं सकते.