मुंबई, कोरोना के कारण महाराष्ट्र में हाहाकार मचा हुआ है। बीते 24 घंटे में राज्य में कोरोना के 790 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस महामारी के कारण 24 घंटे में 36 लोगों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 12,296 हो गई है, जबकि मरने की तादाद बढ़कर 521 हो गई है।

महाराष्ट्र में कंटेनमेंट, हॉटस्पॉट जोन और लॉकडाउन का सख्ती से पालन होने के बाद भी लगातार नए केस सामने आ रहे हैं। अकेले राजधानी मुंबई में 8351 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। महाराष्ट्र में भी मुंबई सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित इलाका है। मुंबई में कोरोना वायरस से होने वाली मौतौं का आंकड़ा 322 तक पहुंच गया है। बीते 24 घंटे में मुंबई में कुल 539 नए मामले सामने आए हैं।

राज्य में दो हजार लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। मुंबई में भी प्लाज्मा थेरेपी से इलाज शुरू हो गया है। वहीं, संक्रमण से ठीक हो चुके लोग मरीजों के लिए प्लाज्मा डोनेट कर रहे हैं।

महाराष्ट्र के स्लम एरिया धारावी में सिर्फ 2 दिनों के भीतर 127 नए केस सामने आए हैं। धारावी में अब तक कुल 496 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 89 नए केस एक ही दिन में आए हैं। धारावी में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस के देश में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 26,535 हो गई है। कोविड-19 के संक्रमण से अब तक कुल 10,017 लोग लोग ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।

अब तक 1,223 लोगों की संक्रमण की चपेट में आकर मौत भी हो चुकी है. कोरोना वायरस के संक्रमण में आ चुके लोगों की संख्या 37,776 तक पहुंच गई है. संक्रमित लोगों में से 111 विदेशी भी शामिल हैं.