तेंदुए को गाय से मिला मां का प्यार, रोज रात को आने लगा मिलने
एक गाय और एक तेंदुए को इस तरह साथ में रहते हुआ देख हर कोई हैरान है और इसके पीछे की कहानी को जानना चाहता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, गाय और तेंदुए के इस तरह से मिलने की ये वायरल फोटो 2002 की है. अंतोली गांव में जब सभी लोग सो जाते थे उस वक्त एक तेंदुआ, गाय से मिलने के लिए रोजाना आता था. तेंदुआ, गाय के पास आकर बैठ जाता था. इसके बाद गाय उसकी गर्दन, कान को चाटती थी, मानो अपने ही बच्चे को प्यार कर रही हो.
जिस वक्त तेंदुआ, गाय के पास आकर बैठता था, उस वक्त कुछ ही दूरी पर बकरियां और अन्य जानवर भी बंधे होते थे, लेकिन तेंदुआ उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाता था. वह गाय के गले लगता, कुछ देर बैठता और फिर आराम से जंगल की ओर चल देता था. तेंदुए और गाय की इस कहानी पर वन अधिकारी एचएस सिंह का कहना है कि कई बार जानवरों के व्यवहार में भी बदलाव देखने को मिलता है. पहली बार तेंदुआ गांव में घुसा होगा और गाय को देखा होगा तो गाय ने उसे मां का प्यार दिया होगा. जिसकी वजह से वो अक्सर उससे मिलने आने लगा.