देश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर की चिंता के बीच एक ही व्यक्ति पर कोरोना के दो वैरिएंट का एक समय में अटैक का मामला सामने आया है। असम (Assam) में एक महिला डॉक्टर को एक ही समय पर कोरोना वायरस (Coronavirus) के दो अलग-अलग वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। यह अपनी तरह का देश का पहला मामला हो सकता है। 

देश में कोरोना वायरस का डबल अटैक।(फोटो: दैनिक जागरण)

असम में संक्रमित महिला डॉक्टर कोरोना वैक्सीन (Coronavirus Vaccine) की दोनों डोज ले चुकी हैं। इसके बावजूद वह वायरस के अल्फा और डेल्टा दोनों वैरिएंट से संक्रमित पाई गईं। उन्होंने बताया कि महिला डॉक्टर में हल्की गले की खराश, बदन दर्द और नींद न आने के हल्के लक्षण थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी।

आरएमआरसी की प्रयोगशाला में जाँच के बाद मरीज में कोरोना वायरस के दोहरे संक्रमण का पता चला था। आइसीएमआर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ बी बोरकाकोटी ने कहा कि दोहरे संक्रमण के कुछ मामले ब्रिटेन, ब्राजील और पुर्तगाल में सामने आए थे, लेकिन इस तरह का मामला भारत में पहले कभी सामने नहीं आया है।

टीके की दोनों डोज लेने के करीब एक महीने बाद महिला और उनके पति कोरोना वायरस के अल्फा स्वरूप (Coronavirus alpha variant) से संक्रमित पाए गए थे। दंपति डॉक्टर हैं और कोविड देखाभल केंद्र में तैनात थे। वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि हमने दोबारा दंपति के नमूने एकत्र किए और परीक्षण के दूसरे चरण में महिला डॉक्टर में दोहरे संक्रमण की पुन: पुष्टि हुई। 

बेल्जियम में एक महिला दो अलग-अलग वैरिएंट से संक्रमित पाई गई थी। एक ही समय पर कोरोना वायरस के दो अलग-अलग वैरिएंट से संक्रमित पाई गए महिला की पांच दिनों के अंदर ही मौत हो गई। हालांकि, महिला ने वैक्सीन नहीं लगवाई थी।