अफगानिस्तान की राजधानी काबुल तक आतंकी संगठन तालिबान की धमक पहुँच गई है। मंगलवार को अफगानिस्तान के रक्षामंत्री के आवास के बाहर कार में शक्तिशाली विस्फोट हुआ। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जहाँ हमला हुआ वह राजधानी काबुल का एक पॉश इलाका है और यहाँ रक्षामंत्री सहित कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के आवास हैं। 

काबुल में धमाके की जगह का निरीक्षण करते सुरक्षा बल (फोटो साभार: न्यूज18)

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अफगानिस्तान ने भारत से इस मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में तुरंत चर्चा कराने की मांग की है।

इस बीच अफगानिस्तान के गृह मंत्री मीरवाइज स्तानिकजई ने कहा कि विस्फोट पॉश शेरपुर इलाके में हुआ है। यह राजधानी के एक बेहद सुरक्षित हिस्से में है, जिसे ग्रीन जोन के रूप में जाना जाता है। हाल के समय में राजधानी में हुआ यह पहला विस्फोट है।

किसी व्यक्ति या संगठन ने इस हमले की तत्काल जिम्मेदारी अभी तक नहीं ली है। हालाँकि, माना जा रहा है कि यह हमला तालिबान के आतंकियों ने किया है। तालिबान आतंकी आक्रामक अभियान के साथ अफगानिस्तान में लड़ाई को अंजाम दे रहे हैं और देश के दक्षिण और पश्चिम में प्रांतीय राजधानियों पर अपना वर्चस्व कायम करने का प्रयास कर रहे हैं।

वहीं, इस्लामिक स्टेट समूह ने काबुल में हुए हाल के कुछ हमलों की जिम्मेदारी ली, लेकिन कई हमलों की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली। हालांकि, अफगान सरकार तालिबान को दोषी ठहरा रही है और तालिबान सरकार को दोषी ठहरा रहा है।

अफगानिस्तान ने काबुल में रक्षा मंत्री के आवास के बाहर हुए विस्फोट के बाद भारत से इस मसले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में तत्काल चर्चा कराने का आग्रह किया है। बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद हनीफ अतमार और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस संबंध में बात की।