ब्लैकमेल कर रेप करता रहा 65 वर्षीय विजयकांत मिश्रा, तंग आकर प्रेमी युगल ने की हत्या
कानपुर स्थित बिधनू हाजीपुर गाँव के ट्यूबवेल में ब्लैकमेलिंग और रोज के रेप से परेशान होकर 65 वर्षीय बुजुर्ग विजयकांत मिश्रा की हत्या लड़की ने अपने प्रेमी का साथ मिलकर की थी। मिश्रा युवती को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने के बाद ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण करता था। रोज-रोज के शारीरिक शोषण से तंग आकर युवती ने प्रेमी संग मिलकर बुजुर्ग को मौत के घाट उतार दिया।
![]() |
| दुष्कर्म की प्रतीकात्मक तस्वीर (साभार: वर्दीवाला) |
दरअसल, मटियारा निवासी विजयकांत मिश्रा वर्ष 2006 से अपने दामाद कौशल किशोर की हाजीपुर गाँव स्थित करीब 20 बीघा खेती की देखरेख करता था। वह ज्यादातर हाजीपुर स्थित अपने दामाद के ट्यूबवेल में ही रुकता था। मिश्रा ने देखा कि एक प्रेमी युगल ट्यूबवेल के पास ही प्रेमालाप में मग्न है। उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया।
अब वह लड़की को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह उसे अपने पास बुलाता और मना करने पर यह बात सार्वजनिक करने की धमकी देने लगता। वह जब चाहता लड़की को मजबूर कर ट्यूबवेल पर बुलाता और उसका शारीरिक शोषण करता। इससे परेशान होकर युवती अपने प्रेमी को यह बात बताई। इसके बाद दोनों ने विजयकांत मिश्रा की हत्या करने की साजिश की।
एक दिन फिर मिश्रा ने युवती को बुलाया और उसे लेकर बाइक से बाजार भी गया। वहाँ से मिश्रा उसे लेकर ट्यूबवेल गया, जहाँ प्रेमी पहले से मौजूद था। ट्यूबवेल के बाहर पड़े तख्त पर बैठकर उसने लड़की से अश्लील हरकत शुरू कर दी। इसी बीच उसकी नजर दीवार के पीछे खड़े प्रेमी पर गई। उसे देखने के लिए मिश्रा टॉर्च लेकर दीवार के पीछे गया। वहाँ प्रेमी ने डंडे से बुजुर्ग के सिर पर कई वार किए। शोषण से परेशान लड़की ने प्रेमी को चाकू पकड़ा दी। उसके बाद प्रेमी ने गर्दन पर कई वार करके मिश्रा को मौत की नींद सुला दी।
3 अगस्त को हुई हत्या की इस गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने मृतक के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवाई। इसमें पता चला कि मृतक की एक नंबर पर लगातार बात हो रही। मौत के दिन और उससे एक दिन पहले भी मृतक ने उस नंबर पर कई बार कॉल किया था। पुलिस ने पता किया था तो वह नंबर एक युवती की निकली। घटना वाले दिन उसके मोबाइल का लोकेशन भी घटनास्थल पर ही निकला। पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर उसके प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित प्रेमी युगल ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद उन्होंने डंडे को कुछ दूर झाडियों में फेंक दिया था। उसके बाद दोनों बाइक से शाहपुर गाँव होते हुए पिपरगवां पांडु नदी पुल पर पहुंचे। वहाँ दोनों ने घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू को नदी में फेंक दिया। इसके बाद युवती को उसके घर छोड़कर प्रेमी गांव से फरार हो गया। पुलिस ने डंडा व चाकू भी बरामद कर ली है।