जम्मू क्षेत्र के पुंछ जिले में तलाशी अभियान के दौरान भटाधोरिया में आतंकियों और सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में एक जेसीओ और एक जवान शहीद हो गए हैं। वहीं, सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को घेर लिया है। दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। वहीं, पाकिस्तान के साथ खुफिया जानकारी साझा करने के अपराध में एक जवान को अंबाला से गिरफ्तार किया गया है।

 

प्रतीकात्मक तस्वीर

कश्मीर में मुठभेड़ को लेकर सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा कि पुंछ में जारी आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन में एक जेसीओ और एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। 

 

इससे पहले सोमवार को पुंछ जिले के सुरनकोट में मुठभेड़ के दौरान एक जेसीओ समेत सेना के पाँच जवान शहीद हो गए थे। सेना को रविवार देर रात सुरनकोट में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे आतंकियों ने अंधाधुंध गोलाबारी शुरू कर दी। गोलाबारी में एक जीसीओ और चार जवान शहीद हो गए। 

इसके अलावा, बुधवार को भी गोलीबारी हुई थी, लेकिन आतंकी भागने में कामयाब हो गए थे। सेना को पाकिस्तान निर्मित चाकलेट और बिस्कुट के खाली पैकेट मिले थे। दरअसल, सेना को चमरेड़ जंगल में आतंकियों की मौजूदगी के कई सबूत मिले थे।

दूसरी ओर, भारतीय सेना का जवान रोहित कुमार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट के साथ सेना की खुफिया जानकारी साझा करता था। उसे हरियाणा के नारायणगढ़ (अंबाला) के गांव कोड़वा खुर्द से गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को अदालत ने उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

रोहित भोपाल में सेना की 68 इंजीनियर रेजिमेंट में तैनात था और पिछले दिनों छुट्टियाँ लेकर अपने घर आया हुआ था। वह सेना की खुफिया सूचनाएं मोबाइल फोन और इंटरनेट के माध्यम से पाकिस्तान भेज रहा था। इस काम के बदले में उसे पैसे मिलते थे। पुलिस के अनुसार, रोहित के पास दो मोबाइल नंबर हैं, जिन नंबरों पर पाकिस्तान के एजेंटों के फोन आते हैं।