पीएम मोदी ने लॉकडाउन बढ़ाने का दिया संकेत, 17 मई तक लागू है तीसरा चरण
नई दिल्ली, लॉकडाउन 17 मई के बाद भी जारी रहेगा, यह लगभग तय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत के बाद जारी बयान से करीब-करीब साफ हो चुका है कि लॉकडाउन का चौथा चरण भी होगा। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों से कहा है कि वो अपने-अपने राज्यों में लॉकडाउन की कैसी व्यवस्था चाहते हैं, उसका डीटेल 15 मई तक दे दें।
कहा जा सकता है कि 17 मई को तीसरा चरण खत्म होने के बाद लॉकडाउन हटने नहीं जा रहा है। यह अलग बात है कि जिस तरह पहले के मुकाबले दूसरे चरण में और फिर दूसरे के मुकाबले तीसरे चरण में ढिलाई और छूट का दायरा बढ़ता गया, उसी तरह 17 मई के बाद चौथे चरण में प्रवेश करने पर लॉकडाउन में कुछ और गतिविधियों की अनुमति दी जाएगी। यह किसी और ने नहीं, बल्कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीटिंग के दौरान कहा।
इनके अलावा, मुंबई की संस्था इंटरनैशनल इंस्टीट्यूट फॉर पापुलेशन साइंसेज (आईआईपीएस) की एक स्टडी में दावा किया गया है कि लॉकडाउन के कारण देश में कोरोना संक्रमण में उल्लेखनीय कमी आई है। इसमें दावा किया गया है कि अगर लॉकडाउन को 24 मई तक बढ़ाया जाता है तो इसके बढ़ने की दर एक से भी कम (0.975) रह सकती है। इसी तरह अगर लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ाया जाता है तो यह दर 0.945 होगी। इन सभी के मद्देनजर संभावना जताई जा सकती है कि लॉकडाउन का चौथा चरण दो सप्ताह यानी 14 दिन का होगा जो 31 मई तक चलेगा।