बक्सर में कांग्रेस विधायक की गाड़ी से शराब बरामद, संजय तिवारी की मुश्किलें बढ़ीं
बक्सर, बिहार के बक्सर जिला अंतर्गत सिमरी थाना क्षेत्र के नगपुरा में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वाहन जांच के दौरान बुधवार की शाम बक्सर सदर से कांग्रेस के विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी की निजी गाड़ी से शराब की सात बोतलें बरामद की गईं।
इस मामले में पुलिस ने विधायक के वाहन को शराब अधिनियम की धारा के तहत जब्त करते हुए उस पर सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी केके सिंह जांच के लिए पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। इधर, विधायक संजय तिवारी ने कहा कि उनकी गाड़ी कुछ लोग राहत सामग्री बांटने के लिए ले गए थे और फिर क्या हुआ इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
सिमरी थानाध्यक्ष जुनैद आलम के मुताबिक नदी के रास्ते शराब के आने की सूचना मिली थी। जिसको लेकर पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सामने से स्कॉॢपयो आती दिखी। उसे रोककर तलाशी ली गई। जांच के क्रम में महंगी शराब की सात बोतलें बरामद हुर्इं। पुलिस ने शराब समेत गाड़ी जब्त करने के साथ ही वाहन पर सवार चालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।