मेरठ, लव जिहाद में प्रिया और उसकी बेटी कशिश की हत्या के आरोपित शमशाद उर्फ अमित गुर्जर ने 15 साल पहले बिहार से मेरठ आकर करोड़ों की संपत्ति बना ली। प्र‍िंटिंग प्रेस की मशीनों का मिस्त्री है, जो प्रति टूर पांच हजार रुपये लेता था। शादीशुदा होने के साथ दूसरे संप्रदाय की लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन भी कराता था।

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिया और उसकी बेटी की हत्या में शमशाद का साथ नकुल शर्मा, कपिल विकल और सचिन ने भी दिया था। शमशाद के गाँव के रहने वाले इन लोगों ने मामले को दबाने के लिए प्रिया की सहेली चंचल पर भी दबाव डाला थआ। पुलिस ने नकुल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कपिल और सचिन की धरपकड़ जारी है। 

22 जुलाई को पुलिस ने परतापुर के भूड़बराल से शमशाद को पकड़कर उसकी निशानदेही पर घर के अंदर से गाजियाबाद के सहानी गेट थाने के नेहरू नगर निवासी प्रिया और उसकी बेटी का शव बरामद किया था। प्रिया ने अपने पति से तलाक ले रखा था। अपनी नौ साल की बेटी के साथ शमशाद के घर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

पुलिस के मुताबिक,  29 मार्च को शमशाद ने प्रिया को इस्लाम धर्म कुबूलने को कहा तो दोनों में मारपीट हो गई। शमशाद ने पहले प्रिया और फिर उसकी बेटी कशिश की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद शव को घर में गड्ढा खोदकर गाड़ दिया। पुलिस ने शमशाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा ने बताया कि शमशाद की संपत्ति की जांच की गई। सामने आया कि लोहिया नगर और भूड़बराल में करोड़ों की कीमत के उसके दो मकान हैं। गाजियाबाद में उसकी पत्नी अफसाना किराए के फ्लैट में रहती है। वहीं, प्रिया और उसकी बेटी को लेकर वह भूड़ बराल के मकान में रहता था। प्रिया को उसने अपना नाम अमित गुर्जर बताया था।

पड़ताल में पता चला कि वह प्रिंटिंग प्रेस की मशीनों का इंजीनियर है। वह दूसरे राज्यों में भी मशीनों को ठीक करने जाता था। जापान से आने वाली मशीनों के पुर्जों को भी खुद तैयार करने लगा था। लव जिहाद के फेर में वह दूसरे रास्ते पर चल पड़ा। पुलिस शमशाद पर रासुका लगाने की तैयारी में है।

पुलिस के अनुसार, प्रिया और कशिश का डीएनए टेस्ट कराने के लिए फाइल तैयार कर ली गई है। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि लव जिहाद में मां बेटी की हत्या करने वाले शमशाद पर दर्ज मुकदमे की कोर्ट तक पुलिस पैरवी करेगी, क्योंकि पीडि़त पक्ष इस मामले में आगे नहीं आ रहा है।

पर्दाफाश करने वाली सहेली चंचल को भी मारने की थी प्लानिंग

प्रिया की सहेली चंचल ने ही हिम्मत दिखाते हुए वारदात का पर्दाफाश कराया है। मोदीनगर निवासी चंचल ने अपनी दोस्त प्रिया और उसकी पुत्री को इंसाफ दिलाने के लिए जी-जान लगा दी और आरोपियों को अंजाम तक पहुंचाया। शमशाद और कपिल शर्मा ने चंचल को भी मारने का प्लान बनाया था।

चंचल ने बताया कि शमशाद ने गांव में पूरा गुट बनाकर रखा था। इसके गुट में कपिल शर्मा और सचिन भी शामिल हैं, जो पूरे गांव में लोगों के साथ मारपीट करते रहते हैं। चंचल के पास कपिल और सचिन से बातचीत का ऑडियो भी है, जिसमें चंचल की हत्या की प्‍लानिंग भी शमशाद के साथ मिलकर की गई।

ऐन वक्त पर चंचल उनके इरादों को भांप गई। वरना आरोपित उसकी हत्या कर शव को कमरे में ही दफन कर देते। उसके बाद प्रिया और कशिश की हत्या का राज हमेशा के लिए दफन हो जाता। उन्होंने कई बार चंचल को भी इस केस से दूर रहने की सलाह दी है।