बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार (24 जुलाई) की देर रात को प्रेमिका से मिलने गए एक युवक को अपनी जान गँवानी पड़ी। लड़की के परिजनों ने रॉड से पीटकर और प्राइवेट पार्ट काट कर प्रेमी की हत्या कर दी। घटना के बाद लड़के के परिजनों ने लड़की के दरवाजे पर ही शव का दाह-संस्कार कर दिया।

कहा जा रहा है कि लड़की के दबंग परिजनों ने लड़के को रॉड से तब तक पीटा, जब तक कि वह जमीन पर नहीं गिर गया। जमीन पर गिरते ही हैवानों ने लड़के के प्राइवेट पार्ट को धारदार हथियार से काट डाला। लहुलूहान हालत में लड़के को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

घटना को अंजाम देने के बाद लड़की के परिजनों ने सुनियोजित तरीके से युवक को अस्पताल पहुंचा दिया। उसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने भागते हुए लड़के के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी। इसके बाद लड़के के परिजन दौड़ते हुए अस्पताल पहुँचे, जहाँ इलाज के दौरान सौरभ ने अपना दम तोड़ दिया। 

22 वर्षीय प्रेमी सौरभ कुमार कांटी थाना क्षेत्र के सोनबरसा गाँव के सुशांत पांडेय की लड़की से प्यार करता था। लड़की के बुलाने पर वह रात में मिलने उसके घर गया गया। इसकी भनक जैसे ही लड़की के परिजनों को लगी, उन्होंने लड़के को पकड़कर मारना-पीटना शुरू कर दिया और फिर मौत के घाट उतार दिया।

ऑटो चालक मनीष कुमार के बेटे सौरभ कुमार की हत्या की खबर मिलते ही बवाल हो गया। गुस्साए लोगों ने हत्या के अगले दिन दबंगों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान रेपुरा स्थित मुजफ्फरपुर-देवरिया कोठी रोड को दो घंटे तक जाम रखा। पोस्टमार्टम के बाद बेटे के शव को लेकर परिजन युवती के दरवाजे पर पहुंच गए और वहीं युवक का दाह संस्कार कर दिया। 

सिटी एसपी राजेश कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग में हत्या को लेकर युवक के परिजन ने युवती के पिता सुशांत पांडेय, भाई, चाचा व चचेरा भाई पर नामजद एफआईआर दर्ज करायी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी लड़की के पिता सुशांत पांडेय के साथ-साथ रेपुरा रामपुर साह के अशोक ठाकुर, रंजीत ठाकुर व मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है।