मेरठ, लव जिहाद मामले में पुलिस पूछताछ में आरोपी शमशाद ने धर्म छिपाकर दोस्ती, दुष्कर्म और फिर शादी के बाद मां बेटी की बेरहमी से की गई हत्या का पूरा सच बयान किया। उसने बताया कि कैसे रसोई में हुए विवाद के बाद उसने प्रिया से चाकू छीना और तब तक उसका गला दबाए रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।

मूल रूप से बिहार निवासी शमशाद पिछले कुछ समय से वह मेरठ में रह रहा था। यहां उसने सोशल मीडिया के जरिए नाम और धर्म बदलकर ब्यूटी पार्लर चलाने वाली सिंगल माॅम प्रिया से दोस्ती की। शमशाद ने प्रिया को अपना नाम अमित गुर्जर बताया था लेकिन प्रिया को उसके झूठ की भनक तक नहीं लग सकी और वह शमशाद के प्रेमजाल में फंसती चली गई।

हत्यारोपी शमशाद ने पूछताछ में बताया कि शमशाद पहले से शादीशुदा था और उसकी पत्नी बिहार में रह रही थी। लेकिन इधर पहले से एक बेटी की मां प्रिया ने शादी का दबाव बनाया तो शमशाद ने उससे शादी कर ली। शादी हो जाने के बाद प्रिया को जब शमशाद की हकीकत मालूम चली तो उसके पांव तले जमीन खिसक गई। प्रिया की सहेली चंचल के मुताबिक, प्रिया के विरोध जताने पर शमशाद उससे मारपीट करने लगा था। इसे लेकर लंबे समय से दोनों की बीच विवाद चल रहा था। 

छह माह पहले शमशाद की पहली पत्नी भी जब भूड़बराल पति के घर रहने आ गई तो परिवार में तकरार बढ़ने लगी। मकान और अन्य संपत्ति पर एक तरफ जहां पहली पत्नी अपना हक जताती थी। वहीं, प्रिया उसे अपने नाम कराना चाहती थी। रजिस्ट्री के तीन लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ, जिस पर शमशाद ने प्रिया के साथ पहले दिन बेरहमी से मारपीट की, लेकिन प्रिया को शायद ही इस बात का अंदाजा हो कि शाम तक उनकी मौत निश्चित है।

पुलिस पूछताछ में शमशाद ने बताया कि रात दस बजे का समय था। प्रिया रसोई में सब्जी काट रही थी, तभी रुपयों को लेकर फिर से दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद के बीच मारपीट और छीनाझपटी में शमशाद के हाथ में चाकू लग गया। उसके बाद शमशाद ने दीवार से सटाकर प्रिया का तब तक गला दबाए रखा, जब तक कि उसकी सांसे नहीं थम गई। मौत होने के बाद प्रिया रसोई में ही फर्श पर गिर पड़ी। इसके बाद शमशाद ने प्रिया के शरीर पर कई जगह चाकू से भी वार किए।

केस खुलने के डर से उसने कमरे में सो रही प्रिया की आठ साल की बेटी का गला तकिए से दबा दिया। शमशाद ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्रिया के शव को बाथरूम में छुपा दिया और रसोई में फैले खून को साफ किया। मां-बेटी की हत्या के बाद शमशाद डॉक्टर के यहां हाथ में टांके लगवाकर आया। वापस आने के बाद में मां बेटी के शव को बेडरूम में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया जमीन से जो कंकाल मिले वह 3 से 6 माह के बीच पुराने थे। सही समय फोरेंसिक लैब से स्पष्ट हो सकेगा।