बिहार के मुजफ्फरपुर में सामंतवादी विचारधारा का ऐसा नंगा नाच देखने को मिला, जिससे मानवता भी शर्मसार हो जाए। मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार (24 जुलाई) की देर रात एक युवक को अपनी प्रेमिका से मिलना उसके लिए काल बन गया। प्रेमी को इस मुलाकात की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। लड़की के परिजनों ने रॉड से पीटकर और उसके प्राइवेट पार्ट को काट कर प्रेमी की जान ले ली। वहीं, घटना के बाद लड़के के परिजनों ने लड़की के दरवाजे पर ही उसका दाह-संस्कार कर दिया।

प्रेमिका के दरवाजे पर प्रेमी का दाह-संस्कार करते परिजन

 

दबंगों ने हैवानियत का खेल खेलने में यहीं तक नहीं रूके। लड़की के परिजनों ने लड़के को रॉड से तब तक पीटा, जब तक वह जमीन पर गिर नहीं गया। इतना ही नहीं, उन हैवानों ने लड़के के प्राइवेट पार्ट को भी धारदार हथियार से काट डाला। जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी जान चली गयी।

घटना को अंजाम देने के बाद लड़की के परिजनों ने सुनियोजित तरीके से युवक को अस्पताल पहुंचा दिया। उसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने भागते हुए लड़के के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी। इसके बाद लड़के के परिजन दौड़ते हुए अस्पताल पहुँचे, जहाँ इलाज के दौरान सौरभ ने अपना दम तोड़ दिया। 

22 वर्षीय प्रेमी सौरभ कुमार  का जिले के कांटी थाना क्षेत्र के सोनबरसा गाँव के बाभन जाति से ताल्लुक रखने वाले सुशांत पांडेय की लड़की से प्यार करता था। लड़की के बुलाने पर वह रात में मिलने उसके घर गया गया। इसकी भनक जैसे ही लड़की के परिजनों को लगी, उन्होंने लड़के को पकड़कर मारना-पीटना शुरू कर दिया। युवक को रॉड से मारने के बाद दरिंदों ने उसके प्राइवेट पार्ट को काट दिया। 

ऑटो चालक मनीष कुमार के बेटे सौरभ कुमार की हत्या की खबर मिलते ही बवाल हो गया। गुस्साए लोगों ने हत्या के अगले दिन दबंगों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान रेपुरा स्थित मुजफ्फरपुर-देवरिया कोठी रोड को दो घंटे तक जाम रखा। पोस्टमार्टम के बाद बेटे के शव को लेकर परिजन युवती के दरवाजे पर पहुंच गए और वहीं युवक का दाह संस्कार कर दिया। 

सिटी एसपी राजेश कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग में हत्या को लेकर युवक के परिजन ने युवती के पिता सुशांत पांडेय, भाई, चाचा व चचेरा भाई पर नामजद एफआईआर दर्ज करायी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी लड़की के पिता सुशांत पांडेय के साथ-साथ रेपुरा रामपुर साह के अशोक ठाकुर, रंजीत ठाकुर व मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है।