ऑनर किलिंग: दीप्ति मिश्रा ने दलित लड़के से शादी की, परिजनों ने पति की करा दी हत्या
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में ऑनर कीलिंग का एक मामला सामने आया है। तीन साल पहले दीप्ति मिश्रा नाम की एक युवती ने SCST समुदाय के अनीश चौधरी नाम के शख्स के साथ लव मैरिज की थी। मृतक के भाई का आरोप है कि इससे गुस्साए लड़की के परिजनों ने शनिवार को अनीश पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वहीं, लड़की ने भी अपने पति की मौत के लिए अपने परिजनों को दोषी ठहराया है।
जिले के गोला थाना के गोपालपुर चौराहे पर दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उरुवा ब्लॉक पर तैनात सेक्रेटरी अनीश पर दिन-दहाड़े अंधाधुंध हमला कर दिया। उस दौरान बचाव में आए अनीश के चाचा देवी दयाल (45) पर भी हमला कर बदमाशों नेम उन्हें घायल कर दिया।
![]() |
| दीप्ति मिश्रा अपने पति अनीश चौधरी के साथ |
पोस्टमार्टम में पता चला है कि हमलावरों ने अनीश पर चार जगह वार किए थे। उनके पेट, सीने, गर्दन और सिर के पिछले हिस्से पर गंभीर चोटें आई हैं। सिर पर पीछे से किए वार की वजह से हड्डी टूट गई और अधिक खून बहने के कारण अनीश की मौत हो गई। दो डॉक्टरों की स्पेशल टीम द्वारा की जा रही पोस्टमार्टम के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग भी किया गया है।
मृतक के भाई व पूर्व ग्राम प्रधान अनिल चौधरी ने बताया कि उनके भाई ने तीन महीने पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी से लड़की पक्ष के लोग नाराज थे। उन्होंने कहा कि हत्या उन्हीं लोगों के द्वारा किया गया है। वहीं, सेक्रेटरी पद पर तैनात पत्नी दीप्ति ने अपने मायके पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अनीश के भाई अनिल ने गोला थाने में तहरीर देकर बताया है कि नौ दिसंबर 2019 को अनीश ने दीप्ति मिश्रा से कोर्ट में शादी कर ली थी, उसी समय से उसके परिवार के लोग उनके जान के प्यासे बने थे। तहरीर में उन्होंने बताया कि दीप्ति के पिता नलीन मिश्रा, बड़े पिता मणिकांत मिश्रा, चाचा विजय मिश्रा, अजय, उपेंद्र, चचेरे भाई अनुपम, प्रियांकर, अतुल्य, प्रियांशु, दीप्ति के सगे भाई अभिनव मिश्रा, जीजा राजेश व राकेश, फूफा त्रियोगी नारायण और संजीव विवाह से खुश नहीं थे और आए दिन फोन कर अनीश और दीप्ति को धमकी देते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा दी गई है। वहीं, एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।
दरअसल, मामला एक ऐसी प्रेम कहानी से जुड़ा है, जिसमें लड़की तो बाभन समुदाय से है लेकिन लड़का एससी-एसटी जाति है, फिर भी दोनों के बीच प्यार हो जाता है। प्यार के बीच आए तमाम रुकावटों को पार करते हुए दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामा और शादी कर ली।
बताया जा रहा है कि तीन साल पहले गगहा क्षेत्र के धर्मसेन देवकली गाँव के नलिन कुमार मिश्र की बेटी दीप्ति मिश्रा की पहली तैनाती गोला ब्लॉक और अनीश चौधरी की तैनाती उरुवा ब्लॉक में हुई थी। अगल-बगल ब्लॉक होने के कारण दोनों मिलते थे और इसी दौरान ही दोनों के बीच प्रेम का बीज अंकुरित हुआ था। उसके बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया था, लेकिन दीप्ति मिश्रा के घरवाले लड़के की जाति को लेकर इस शादी के लिए तैयार नहीं थे।
हालाँकि, इसके पहले दोनों ने 2018 में मंदिर में और 2019 में कोर्ट में दोनों ने शादी कर ली थी, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए दोनों ने अपनी शादी को कुछ दिनों तक छिपाए रखा। दोनों प्रेमी-प्रेमिका लगातार मिलते रहे। इसकी खबर दीप्ति के घरवालों को हुई तो उन्होंने उस पर दबाव बनाकर अगस्त 2020 में अनीश के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया। दीप्ति के परिजनों ने ब्लॉक में घुसकर अनीश को मारा-पीटा भी था। इसके बाद अनीश ने दीप्ति के घरवालों के खिलाफ एससी-एसटी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया था।
इसी दौरान दीप्ति का स्थानांतरण कौड़ीराम ब्लॉक में हो जाता है। दीप्ति को लेकर उसके पिता नलिन मिश्र ब्लॉक पहुँचाने और घर ले जाने के लिए आते-जाते थे। उसी दौरान फरवरी 2021 में दीप्ति अपने पिता को चकमा देकर अनीश के साथ ब्लॉक से निकल गई। दीप्ति के परिजनों ने गगहा थाने में 20 फरवरी को अनीश के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था। उसके बाद गगहा पुलिस अनीश के परिजनों को उठाकर थाने भी लेकर आई थी।
अपहरण का मामला दर्ज होने की बात सामने के बाद दीप्ति मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर कोर्ट मैरिज कर लेने की बात कही। इसके बाद मामले को पुलिस ने यहीं खत्म कर दिया और दोनों ने लौटकर 6 जून को सामाजिक तौर पर धूमधाम से शादी कर हँसी-खुशी जिंदगी गुजार रहे थे। इसके बाद 24 जुलाई को अनीश की हत्या कर दी गई।
अनीश की हत्या में नामजद आरोपी अभिनव मिश्रा भी है, जो दीप्ति का बड़ा भाई है। अभिनव पुलिस विभाग में सिपाही है, जबकि छोटा भाई अनुपम अभी पढ़ाई कर रहा है। प्रेम प्रसंग की जानकारी होते ही उसने अपनी बहन से रिश्ता तोड़ लिया था। लोगों के अनुसार, वह शादी में भी शामिल नहीं हुआ था। हालाँकि, नामजद आरोपी होने की वजह से पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
अनीश की पत्नी दीप्ति चार माह की गर्भवती है। घटना की जानकारी मिलते ही बेसुध हो गई। बदहवास दीप्ति ने पुलिस से कहा कि आरोपियों को लेकर आओ और वह खुद उन्हें सजा देना चाहती है। बोलते-बोलते वह बार-बार बेसुध हो जा रही थी।