अमेरिका ने पाकिस्तान के मानव तस्कर पर रखा ₹ 15 करोड़ का ईनाम, अवैध रूप से लोगों को भेजता है US
मानव तस्करी के मामले में अमेरिका ने आबिद अली खान नाम के एक पाकिस्तानी नागरिक पर 2 मिलियन अमेरिकी डॉलर का ईनाम घोषित किया है। अमेरिका के स्टेट डिपार्टमेंट द्वारा गुरुवार शाम आबिद अली को मानव तस्करी का मुख्य आरोपी ठहराने पर ईनाम की यह राशि घोषित की गई। यह राशि लोगों या संस्थाओं को दी जाएगी जो उसकी गिरफ्तारी या उसके बारे में सूचना देंगे।
![]() |
| सौजन्य: इनसाइडर |
40 वर्षीय मानव तस्कर आबिद पाकिस्तान, खाड़ी देशों और दक्षिण एशिया के देशों से लोगों को गैर-कानूनी रूप से अमेरिका भेजता है। इसके बदले में वह लोगों से मोटी रकम वसूल करता है। अमेरिका का मानना है कि इन लोगों की वजह से अमेरिकी सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, “आबिद अली पाकिस्तानी है और वह मानव तस्करी में लिप्त है। उसके खिलाफ एक-एक मिलियन डॉलर के 2 ईनाम घोषित किए हैं। पहला उसकी गिरफ्तारी में मदद के लिए है। दूसरा उसके नेटवर्क के बारे में सूचना देने से संबंधित है।”
आबिद पाकिस्तान में ही बैठक इस सिंडिकेट को ऑपरेट करता है। वह ऐसे लोगों को गैर-कानूनी ढंग से अमेरिका भेजता है, जिनके पास पहचान के दस्तावेज भी नहीं होते। जिनके पास कागजात नहीं होते, उन्हें पहले वह पाकिस्तान बुलाता है। फिर लोगों के जाली कागजात तैयार कराए जाते हैं। उसके बाद उन्हें गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका भेज दिया जाता है। इनमें से अधिकांश लोगों को दक्षिण या मध्य अमेरिकी देशों के जरिए यहां भेजा जाता है। इन लोगों को कई दिन पैदल भी चलना पड़ता है। कई मामले ऐसे भी हैं जब इन लोगों को रास्ते में ही लूट लिया गया।
इसी साल 7 अप्रैल को अमेरिकी न्याय विभाग ने पहली बार खान के बारे में वर्जीनिया की अदालत को जानकारी दी थी। इसके बाद अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने खान पर प्रतिबंध लगा दिए। जस्टिस डिपार्टमेंट के मुताबिक, खान ऑर्गनाइज्ड क्राइम यानी संगठित अपराध में शामिल है और एक गुट का सरगना है। अमेरिकी पुलिस को उसके ड्रग स्मगलिंग में भी शामिल होने का शक है। उसका कोई फोटो फिलहाल जारी नहीं किया गया है।