छत्तीसगढ़ के रायपुर जेल में बंद कथित संत कालीचरण के एक महिला भक्त ने चिट्ठी लिखकर उससे संबंध होने और परेशानी दूर करने के नाम पर वसूली एवं ठगी करने का आरोप लगाया है। कालीचरण छत्तीसगढ़ में महात्मा गाँधी के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहने और महाराष्ट्र में मुस्लिम एवं ईसाई समुदाय के खिलाफ लोगों को भड़काने के मामले में जेल में बंद है।

इस बीच एक महिला ने कालीचरण पर कई महिलाओं से संबंध होने और उससे 25 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और रायपुर के SSP को लिखी गई चिट्ठी की कॉपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भेजकर महिला ने कार्रवाई की मांग की गई है।

चिट्ठी में महिला ने लिखा है कि कालीचरण संत नहीं, बल्कि गेरुआ वस्त्र पहने हुए एक ढोंगी और भोगी व्यक्ति है। वह दुखी लोगों की परेशानी दूर करने नाम पर धन की वसूली करता है। महिला ने बताया कि उसके पारिवारिक जीवन में परेशानी के कारण उसने कालीचरण से संपर्क किया था और इसके बदले में उससे 25 हजार रुपए लिए गए थे।

अपनी चिट्ठी में महिला ने आगे लिखा है कि दिल्ली में रहने वाली एक महिला से कालीचरण के संबंध हैं। जब उसने जानकारी जुटाई तो कालीचरण के बारे में कई आपत्तिजनक बातें पता चलीं। उसने दावा किया कि उसने महिला के वॉट्सऐप चैट देखे तो उसमें कालीचरण का उस महिला भक्त के साथ आपत्तिजनक बातें की गई थीं।

महिला ने यह भी दावा किया कि कालीचरण के वॉशरूम जाने पर उसने कथित संत और मठाधीश का फोन चेक किया तो उसके चैट में आई लव यू लिखा हुआ था। महिला ने यह  कहा कि कालीचरण उससे बताता था कि बड़ी-बड़ी पदों पर बैठी महिलाएँ उसकी नजदीकी के लिए उसके पीए ईश्वरानंद से जुड़कर रहती थीं।

इस मामले में रायपुर के SSP प्रशांत अग्रवाल ने पत्र को टिकरापारा थाने की टीम को इन्वेस्टिगेशन के लिए भेजा है। रायपुर की पुलिस ने इस मामले में अब अकोला के SP से भी संपर्क किया है और वहां से भी कालीचरण के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

MP के छतरपुर से कालीचरण को गुरुवार (27 जनवरी 2022) को पकड़ा गया था। बता दें कि कालीचरण ने 26 दिसंबर को रायपुर की धर्म संसद में कहा था 1947 में मोहनदास करमचंद गांधी ने उस वक्त देश का सत्यानाश किया। नमस्कार है नाथूराम गोडसे को, जिन्होंने उन्हें मार दिया। अब धारा राजद्रोह के मामले में केस दर्ज है।