मूर्ति मंगा खेत में दबाई, अफवाह फैलाई कि 500 साल पुरानी प्रतिमा मिली: 35000 का आया चढ़ावा, अरेस्ट
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ एक एक अशोक गौतम और उसके बेटों- रवि गौतम और विजय गौतम ने मिलकर भगवान के नाम पर लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया और श्रद्धालुओं को 35,000 रुपए का चूना लगा दिया। ठगी के इस मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, जिले के बांगरमऊ स्थित महमूदपुर गाँव के अशोक गौतम और उसके दोनों बेटों ने ऑनलाइन देवी-देवताओं की मूर्तियाँ मँगवाई। उसके बाद उसे ले जाकर अपने खेत में जमीन खोदकर दबा दिया। उसके बाद लोगों को देवी-देवता की मूर्तियों के यहाँ खड़े होने के सपने के बारे में बताकर सबके सामने खुदाई करने लगे।
जब उनके द्वारा जमीन में दबाई गई मूर्ति दिखने लगी तो उसे निकाली और लोगों को बेवकूफ बनाते हुए कहा कि यह मूर्ति 500 साल पुरानी है। देखते ही देखते यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और लोग पूजा करने के लिए गौतम के खेत की भागने लगे।
मामले की जानकारी जब एसडीएम और थाना प्रभारी को हुई तो वे भी गाँव पहुँचे और पीली धातु की दिखने वाली मूर्तियों को देखा। इसके बाद पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को सूचित कर मूर्ति को आरोपी अशोक के घर पर ही रखवा दिया। हालाँकि, प्रशासन के जाने के बाद मूर्तियों को बाप-बेटों ने फिर से खेत में रख दिया।
मंगलवार (30 अगस्त 2022) को गाँव और आसपास के लोग बड़ी संख्या में खेतों के पास पहुँच गए। पूजा करने के लिए लोगों की कतार लग गई। लोगों ने मूर्ति की फूल माले की पूजा की और चढ़ाव भी चढ़ाए। इस दौरान गौतम का बेटा झोले में प्रसाद लेकर लोगों को बाँटता रहा। इस तरह उसके पास 35,000 रुपए चढ़ावा में जमा हो गए।
इस घटना की जानकारी और उससे जुड़ी मूर्ति की तस्वीर डिलीवरी बॉय गोरे लाल ने देखी तो दंग रह गया। उसने थाना प्रभारी को जाकर बताया कि जिस मूर्ति को प्राचीन बताकर पूजा जा रहा है, इसे कुछ दिन पहले अशोक गौतम को डिलीवर किया था।
गोरे लाल ने बताया कि अशोक गौतम के बेटे रवि ने मूर्तियों के सेट को मीशू कंपनी से ऑनलाइन मँगवाया था। उसने यह भी बताया कि इसे उसने 29 अगस्त को डिलीवर किया था और बदले में 169 रुपए मूल्य लिया था। इसके बाद पुलिस ने तीनों बाप-बेटों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों के ऊपर शांति भंग करने और लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने का मामला दर्ज किया है। फिलहाल तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस तरह एक डिलीवरी मैन की सतर्कता से लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने वाले पाखंडियों का पर्दाफाश हो गया।